बारां। बारां पुलिस ने साइबर सेल की मदद से बड़ी सफलता हासिल करते हुए खोए/चोरी हुए करीब 53 लाख 20 हजार रुपये कीमत के 240 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटा दिए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक उठी और उन्होंने पुलिस का आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासू ने बताया
जिले में गुम हुए मोबाइलों को ट्रेस करने की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी के निर्देशन में साइबर सेल प्रभारी और उनकी टीम को सौंपी गई थी। गठित टीम ने लगातार प्रयास करते हुए विभिन्न राज्यों और जिलों से मोबाइल ट्रेस कर बरामद किए।बरामद मोबाइलों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पुलिस के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि मोबाइल वापस मिलना उनके लिए बड़ी राहत है।पुलिस के अनुसार, वर्ष 2024 से अब तक साइबर सेल द्वारा कुल 1125 गुम/चोरी हुए मोबाइल रिकवर कर परिवादियों को लौटाए जा चुके हैं। टीम ने यूपी, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, मध्यप्रदेश, बिहार, उड़ीसा, महाराष्ट्र, गुजरात सहित अन्य राज्यों से मोबाइल बरामद किए।इस अभियान में साइबर सेल प्रभारी जगदीश चन्द्र शर्मा सहित टीम के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित करने की घोषणा की है।




