---Advertisemant---

झालावाड़ में दो चरणों में होगा मतदान,आठ पंचायत समितियों की 270 ग्राम पंचायतों में 3,370 पदों के लिए होगा निर्वाचन

On: October 3, 2026 6:10 PM
Follow Us:
---Advertisemant---

झालावाड़. राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान द्वारा पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है.आयोग के कार्यक्रम के अनुसार झालावाड़ जिले में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव दो चरणों में संपन्न कराए जाएंगे.जिले की आठ पंचायत समितियों में कुल 3,370 निर्वाचित पदों के लिए निर्वाचन होगा। इनमें 270 सरपंच, 2,880 वार्ड पंच, 178 पंचायत समिति सदस्य, 8 प्रधान, 33 जिला परिषद सदस्य तथा 1 जिला प्रमुख के पद शामिल हैं।जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) (पंचायत) अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि जिले में अकलेरा, बकानी, भवानीमंडी, डग, झालरापाटन, खानपुर, मनोहरथाना तथा पिड़ावा (सुनेल) पंचायत समितियों के अंतर्गत कुल 270 ग्राम पंचायतें एवं 974 मतदान केंद्र हैं। पंचायती राज चुनावों के लिए जिले में कुल 9,36,212 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 4,77,656 पुरुष, 4,58,548 महिला तथा 8 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। पंचायत समिति स्तर पर 178 वार्ड तथा ग्राम पंचायत स्तर पर 2,880 वार्ड हैं।

प्रथम चरण में चार पंचायत समितियों में चुनाव

प्रथम चरण में भवानीमंडी, डग, अकलेरा एवं मनोहरथाना पंचायत समितियों में चुनाव होंगे। इन चार पंचायत समितियों में कुल 128 ग्राम पंचायतें एवं 465 मतदान केंद्र हैं।जिला परिषद सदस्यों के लिए प्रथम चरण में 8 अक्टूबर 2026 को निर्वाचन की लोकसूचना जारी होगी। 13 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। 14 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे से नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा होगी तथा 15 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। अभ्यर्थिता वापसी के तुरंत पश्चात चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। इन पदों के लिए मतदान 23 अक्टूबर 2026 को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा।पंचायत समिति सदस्यों के लिए प्रथम चरण में 8 अक्टूबर 2026 को निर्वाचन की लोकसूचना जारी होगी। 13 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। 14 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे से नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा होगी तथा 15 अक्टूबर का अपराह्न 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। अभ्यर्थिता वापसी के तुरंत पश्चात चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। इन पदों के लिए मतदान 23 अक्टूबर 2026 को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा।पंच एवं सरपंच पदों के लिए प्रथम चरण में 24 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8 से 11 बजे तक नाम निर्देशन प्रस्तुत किए जाएंगे, प्रातः 11.30 बजे से संवीक्षा, दोपहर 2 बजे तक नाम वापसी तथा उसके तुरन्त पश्चात् चुनाव प्रतीकों का आवंटन होगा। वहीं 25 अक्टूबर 2026 को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान तथा मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना होगी। उपसरपंच का चुनाव 26 अक्टूबर 2026 को होगा।

द्वितीय चरण में चार पंचायत समितियों में चुनाव

द्वितीय चरण में झालरापाटन, पिड़ावा (सुनेल), बकानी एवं खानपुर पंचायत समितियों में चुनाव होंगे। इन चार पंचायत समितियों में कुल 142 ग्राम पंचायतें एवं 509 मतदान केंद्र हैं।जिला परिषद सदस्यों के लिए द्वितीय चरण में 8 अक्टूबर 2026 को निर्वाचन की लोकसूचना जारी होगी। 13 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। 14 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे से नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा होगी तथा 15 अक्टूबर का अपराह्न 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। अभ्यर्थिता वापसी के तुरंत पश्चात चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। इन पदों के लिए मतदान 29 अक्टूबर 2026 को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा।पंचायत समिति सदस्यों के लिए द्वितीय चरण में 13 अक्टूबर 2026 को निर्वाचन की लोकसूचना जारी होगी। 16 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। 17 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे से नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा होगी तथा 19 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। अभ्यर्थिता वापसी के तुरंत पश्चात चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। इन पदों के लिए मतदान 29 अक्टूबर 2026 को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा।पंच एवं सरपंच पदों के लिए द्वितीय चरण में 30 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8 से 11 बजे तक नाम निर्देशन प्रस्तुत किए जाएंगे, प्रातः 11.30 बजे से संवीक्षा, दोपहर 2 बजे तक नाम वापसी तथा उसके तुरन्त पश्चात् चुनाव प्रतीकों का आवंटन होगा। वहीं 31 अक्टूबर 2026 को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान तथा मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना होगी। उपसरपंच का चुनाव 01 नवम्बर 2026 को होगा।

जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 20 नवम्बर को

जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए सभी चरणों की मतगणना 20 नवम्बर 2026 को प्रातः 8 बजे से मतगणना समाप्ति तक जिला मुख्यालय पर होगी। इसके बाद जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवम्बर, उप जिला प्रमुख का चुनाव 26 नवम्बर, प्रधान का चुनाव 27 नवम्बर तथा उप प्रधान का चुनाव 28 नवम्बर 2026 को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगा।

मतपेटी व इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन से मतदान होगा

पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 हेतु ग्राम पंचायत में सरपंच एवं वार्ड पंच का निर्वाचन मतपेटी के माध्यम से तथा जिला परिषद् एवं पंचायत समिति के समस्त वार्डों व सदस्यों का निर्वाचन इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन के माध्यम से करवाया जाएगा।

चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ आदर्श आचार संहिता प्रभावी

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता के प्रावधान तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं, जो चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने तक प्रभावी रहेंगे। संबंधित पंचायती राज संस्थाओं में विभिन्न विभागों के ऐसे विकास कार्य, जिनके कार्यादेश आदर्श आचार संहिता लागू होने से पूर्व जारी किए जा चुके हैं अथवा जो विकास कार्य पूर्व से ही प्रगतिरत हैं, वे आचार संहिता से प्रभावित नहीं होंगे। वहीं नवीन निविदाएं, नवीन योजनाएं, नवीन विकास कार्य एवं नवीन कार्यादेश आदर्श आचार संहिता लागू रहने के दौरान प्रतिबंधित रहेंगे.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment