---Advertisemant---

झालरापाटन: ऐतिहासिक लाल बाग के प्राचीन कुण्ड पर अवैध कब्जा , प्रशासन और संगठनों की चुप्पी पर उठे सवाल

On: November 24, 2026 3:27 PM
Follow Us:
---Advertisemant---

झालरापाटन। ऐतिहासिक और प्राचीनतम लाल बाग (वर्तमान में नेमी नगर कॉलोनी) स्थित बालाजी मंदिर से सटे प्राचीन धार्मिक कुण्ड की भूमि पर अवैध निर्माण और कब्जे के गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय सूत्रों और कॉलोनीवासियों के अनुसार, नगर पालिका की पूर्व चेयरमैन वर्षा चांदवाड़ के पति और खेड़ापति हनुमान समिति के अध्यक्ष मनीष चांदवाड़ पर पद के दुरुपयोग और नियमों को ताक पर रखकर कुण्ड की भूमि पर दुकान निर्माण कराने का आरोप लगाया जा रहा है।नियमविरुद्ध पंजीयन और अतिरिक्त भूमि पर निर्माण कर हिन्दू भावनाओं को ठेस पहुंची है।प्राप्त जानकारी और स्थानीय चर्चाओं के मुताबिक, नेमी नगर कॉलोनी में इस भूमि का वास्तविक पंजीयन किसी अन्य व्यक्ति के नाम से महज 13×28 फीट का करवाया गया है। हालांकि, आरोप है कि राजनीतिक प्रभाव और पूर्व चेयरमैन के पद का इस्तेमाल करते हुए मूल नाप से करीब सौ फीट अधिक—जो कि प्राचीन धार्मिक कुण्ड का हिस्सा है—पर कब्जा कर व्यावसायिक दुकान का निर्माण कर लिया गया है।नेमी नगर कॉलोनी में निर्माण कार्यों को लेकर विवाद नया नहीं है। इससे पूर्व भी इस क्षेत्र में ‘डी कंपनी’ द्वारा मान्य नक्शे में दर्ज मुख्य मार्ग को संकरा कर निर्माण करवाने और नियमविरुद्ध रजिस्ट्रेशन का मुद्दा चर्चा में रहा है। स्थानीय लोगों के बीच यह भी चर्चा रही है कि पूर्व मुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक वसुंधरा राजे सिंधिया के नगर दौरे के दौरान इन निर्माणों को नजरों से बचाने के लिए उनके काफिले का मार्ग बदलकर अन्य गलियों से निकाला गया था।इस पूरे प्रकरण में सबसे अधिक चर्चा धार्मिक और सामाजिक संगठनों के रुख को लेकर हो रही है। चूंकि आरोप स्वयं को प्रखर हिंदूवादी नेता बताने वाले और प्रसिद्ध खेड़ापति हनुमान मंदिर समिति के अध्यक्ष पद पर आसीन व्यक्ति पर लगे हैं, इसलिए स्थानीय नागरिकों में इस बात को लेकर कौतूहल है कि विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और अन्य धार्मिक संगठन इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाते हैं।फिलहाल, इस मामले में संबंधित पक्षों या नगर पालिका प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। अब नगर के जागरूक नागरिकों और सामाजिक संगठनों की नजरें प्रशासन पर टिकी हैं कि ऐतिहासिक धरोहर से जुड़े इस मामले की जांच कर क्या कार्रवाई की जाती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment