झालरापाटन उपपंजीयक कार्यालय में ‘असंभव’ भी हुआ संभव; मृतका की हाजिरी, सात पन्नों पर अलग-अलग दस्तखत और करोड़ों की जमीन के खेल पर उठे बड़े सवाल
झालरापाटन कहते हैं कि ‘कुछ भी असंभव नहीं है’, लेकिन झालरापाटन उपपंजीयक कार्यालय की कार्यप्रणाली ने इस कहावत को नए पंख लगा दिए हैं। यहां ‘किसकी भूमि और किसकी रजिस्ट्री’ जैसे किस्से आम हैं, और शायद इसी वजह से पिछले 25-30 सालों से इस ‘विकसित’ शहर को स्थायी पंजीयक नसीब नहीं हुआ है। कार्यालय मानो स्थानीय तहसीलदार के हाथों की ‘स्टेपनी’ बनकर चल रहा है, जहां कागजों की दुनिया में चमत्कार होना अब कोई नई बात नहीं रही।ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने सिस्टम की नींद उड़ा दी है। सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक, भुवानी बाई की 20 मई 2021 को कोरोना काल में मृत्यु हो चुकी थी और बकायदा मृत्यु प्रमाण पत्र भी जारी है। लेकिन व्यवस्था का कमाल देखिए कि जो महिला कागजों में परलोक सिधार चुकी थी, वही 26 अक्टूबर 2021 को झालरापाटन पंजीयक कार्यालय में तत्कालीन तहसीलदार (प्रभारी उपपंजीयक) के सामने सदेह हाजिर हो गई! हद तो यह है कि ‘मृत’ भुवानी बाई ने अपनी 40 बीघा जमीन में से 20 बीघा जमीन का परिजनों के पक्ष में हक त्याग (रिलीज डीड) किया और कथित तौर पर वापस स्वर्गलोक लौट गईं।इस ‘अलौकिक’ रिलीज डीड के बाद 26 नवंबर 2021 को तत्कालीन पटवारी राकेश फागना (गोविंदपुरा) और आईएलआर सुदेश कुमार चतुर्वेदी (वृत्त झालावाड़) ने नामांतरण भी खोल दिया। अब इस पूरे प्रकरण ने कई तीखे और चुभते हुए सवाल खड़े कर दिए हैं।सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि भुवानी बाई जीवित हैं, तो क्या कोलाना ग्राम पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी दुष्यंत दायमा ने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया? और यदि मृत्यु प्रमाण पत्र सही है, तो फिर 26 अक्टूबर को पंजीयक कार्यालय में भुवानी बाई बनकर कौन सी महिला पहुंची थी? किसके अंगूठे के निशान लगे और रिलीज डीड पर किसका फोटो चस्पा किया गया? सूत्र तो यहां तक दावा कर रहे हैं कि रिलीज डीड पर निवर्तमान सरपंच की मां के अंगूठे के निशान लगे हैं। इतना ही नहीं, रिलीज डीड के सातों पन्नों पर भुवानी बाई के हस्ताक्षर अलग-अलग होने के बावजूद पंजीयक कार्यालय ने इसे कैसे हरी झंडी दे दी?करोड़ों रुपये की इस जमीन के खेल में पर्दे के पीछे कौन-कौन से चेहरे हैं, यह तो जांच एजेंसी की तफ्तीश के बाद ही साफ होगा, लेकिन इतना तय है कि सिस्टम को गुमराह करने और धोखाधड़ी की पटकथा बखूबी लिखी गई। यदि भूमि दस्तावेजों में हेराफेरी हुई है, तो गवाहों, हक प्राप्त करने वाले पांच सदस्यों और तत्कालीन तहसीलदार की भूमिका पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।उधर, इस पूरे मामले में राजस्व अमले ने खुद को कागजों के दायरे में सुरक्षित दिखाने की कोशिश की है। क्या सभी दोषी व्यक्तियों पर मुकदमा दर्ज होकर गिरफ्तारी होगी तथा विवादित भूमि सरकारी होगी।तत्कालीन पटवारी राकेश फागना का कहना है कि उन्होंने सरकारी दस्तावेजों के आधार पर नामांतरण खोला है, यदि कुछ गलत हुआ है तो इसके लिए तहसीलदार जिम्मेदार हैं। वहीं, आईएलआर सुदेश कुमार चतुर्वेदी ने भी यह कहकर पल्ला झाड़ने का प्रयास किया है कि उन्होंने सरकारी रिपोर्ट को आधार बनाया है।फिलहाल, ‘मृतका’ के हक त्याग और नामांतरण की इस कहानी ने झालरापाटन की प्रशासनिक व्यवस्था पर तीखा कटाक्ष है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच एजेंसियां इस ‘स्वर्ग से वापसी’ के रहस्य से कब पर्दा उठाती हैं और जिम्मेदार चेहरों पर कब गाज गिरती है।





